
राष्ट्र दर्पण न्यूज़
हर भारतीय की आवाज़
बिजलीघर मार्केट की रेडीमेड गारमेंट की दुकान में लगी भीषण आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
आगरा, 24 जून 2026। आगरा के व्यस्ततम बाजारों में शामिल बिजलीघर क्षेत्र स्थित शिवाजी मार्केट के सामने बनी दुकानों में मंगलवार देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की शुरुआत एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान से हुई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब बाजार बंद हो चुका था और सभी व्यापारी अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर जा चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले ट्रेडीमेट गारमेंट की दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास स्थित चार अन्य दुकानों में भी घना धुआं भर गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने के कारण आग अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी, लेकिन धुएं और गर्मी के कारण उनमें भी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे अग्निशमन कर्मियों को टॉर्च की रोशनी में राहत एवं बचाव कार्य करना पड़ा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण दुकान के अंदर हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से रेडीमेड गारमेंट की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। अन्य दुकानों में भी धुएं और गर्मी के कारण नुकसान होने की सूचना है।
गनीमत यह रही कि आग बाजार बंद होने के बाद लगी। यदि घटना व्यापारिक गतिविधियों के दौरान होती तो बड़ा हादसा हो सकता था और जनहानि से भी इंकार नहीं किया जा सकता था। फायर विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
राष्ट्र दर्पण न्यूज़
हर भारतीय की आवाज़




