
राष्ट्र दर्पण न्यूज़
हर भारतीय की आवाज़
8 JUNE 2026
कॉकरोच बनकर फायरमैन ने लगाई न्याय की गुहार, झूठे मुकदमे में फंसाने का लगाया आरोप
आगरा। आगरा के दीवानी न्यायालय परिसर में सोमवार को एक अनोखा और चर्चा का विषय बना प्रदर्शन देखने को मिला। फायरमैन जितेंद्र राठौर ने कॉकरोच का वेश धारण कर न्याय की मांग करते हुए प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उनका कहना है कि उन्हें एक झूठे आपराधिक मुकदमे में फंसाया गया है, जिसके कारण उनकी नौकरी, सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
जितेंद्र राठौर ने बताया कि उन्होंने फरवरी 2024 को थाना हरिपर्वत में कथित नकल माफिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों द्वारा साजिश रचकर उन्हें ही एक आपराधिक मामले में फंसा दिया गया। उनका दावा है कि घटना के समय वह 9 जुलाई 2024 को जनपद महाराजगंज में अपनी सरकारी ड्यूटी पर तैनात थे, जिसकी पुष्टि विभागीय अभिलेखों एवं अन्य साक्ष्यों से भी होती है।
राठौर का कहना है कि मामले की जांच के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर हुई जांच में भी उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई, इसके बावजूद उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों की कार्यशैली के कारण उन्हें मानसिक, सामाजिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने यूजीसी-नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की है, लेकिन विवादित मामले के चलते उनके कैरियर और रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं। साथ ही, 15 फरवरी 2026 को उन्हें निलंबित भी कर दिया गया, जिससे उनकी समस्याएं और बढ़ गई हैं।
दीवानी परिसर में किए गए इस अनोखे प्रदर्शन के माध्यम से जितेंद्र राठौर ने शासन और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो एक निर्दोष व्यक्ति का जीवन और भविष्य दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
इस प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और मामले को लेकर विभिन्न चर्चाएं होती रहीं। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
— राष्ट्र दर्पण न्यूज़
हर भारतीय की आवाज़




