

ताजमहल परिसर में ईद-उल-अजहा की नमाज़ अदा, अमन-चैन और खुशहाली की मांगी दुआ
राष्ट्र दर्पण न्यूज
आगरा, 28 मई।
ईद-उल-अजहा के पावन अवसर पर गुरुवार सुबह आगरा शहर की मस्जिदों एवं ईदगाहों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज़ अदा की। इसी क्रम में विश्व प्रसिद्ध ताजमहल परिसर स्थित मस्जिद में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह लगभग पौने नौ बजे नमाज़ अदा की गई।
नमाज़ के दौरान देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी गई। ताजमहल परिसर में नमाज़ को लेकर प्रशासन एवं एएसआई द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। एएसआई के अधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी मुख्य मकबरे और परिसर के विभिन्न हिस्सों में लगातार निगरानी करते रहे।
भीषण गर्मी का असर नमाज़ियों की संख्या पर भी देखने को मिला। अनुमानित रूप से ताजमहल परिसर में लगभग आठ से दस हजार लोगों ने नमाज़ अदा की। हालांकि सुबह से ही लोगों में ईद-उल-अजहा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। बच्चों में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और वे नए परिधानों में नजर आए।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए थे, जिससे नमाज़ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
— राष्ट्री दर्पण न्यूज




