
राष्ट्र दर्पण | आगरा
उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले चौबीस घंटे के भीतर मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए सरकार द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को आगरा में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया। दोपहर के समय तेज धूप और लू जैसे हालात के कारण सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और लोगों को घरों से बाहर निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
बढ़ती गर्मी और स्वास्थ्य संबंधी संभावित खतरों को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आगरा के जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी से बचाव के लिए लोग घर से बाहर निकलते समय अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।
डीएम ने सुझाव दिया कि लोग पूरे आस्तीन के कपड़े पहनकर निकलें, सिर को गमछे, कपड़े या टोपी से ढककर रखें तथा ओआरएस का घोल अपने साथ रखें। इसके अलावा लगातार पानी, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें, जिससे शरीर में पानी की कमी न हो।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें और गर्मी से संबंधित किसी भी समस्या या स्वास्थ्य खराब होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें। बढ़ती गर्मी के बीच प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
राष्ट्र दर्पण आमजन से अपील करता है कि सावधानी ही सुरक्षा है, इसलिए गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करें।




